मुबई : चर्चित टीवी शो CID में इंस्पेक्टर फ्रेडिक्स का रोल निभाने वाले एक्टर दिनेश फडनीस का निधन हो गया है। हार्ट अटैक आने के बाद दिनेश बीते कुछ दिनों से मुंबई के अस्पताल में भर्ती थे, वो वेंटिलेटर पर थे। उनकी तबीयत नाजुक बताई जा रही थी, लेकिन आज (5 दिसंबर) को उन्होंने दम तोड़ दिया। एक्टर की मौत से उनके तमाम चाहनेवालों को गहरा सदमा लगा है।
उनका अंतिम संस्कार आज 5 दिसंबर को होगा और सबसे लंबे समय तक चलने वाले शो ‘सीआईडी’ की पूरी स्टार कास्ट इस समय उनके घर पर है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिनेश की हालत गंभीर थी और वे वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे। वह लीवर डैमेज की समस्या से जूझ रहे थे। इससे पहले ऐसी खबरें आई थीं कि एक्टर को दिल का दौरा पड़ा है जिसे दयानंद शेट्टी ने खारिज कर दिया था और बताया कि उनका लिवर डैमेज था। उनके करीबी दोस्त दयानंद शेट्टी ने बताया, ‘हां, यह सच है कि वह अब नहीं रहे। यह लगभग 12:08 बजे हुआ।
उनके घर में उनकी पत्नी नैना और एक छोटी सी बेटी तनु हैं। दिनेश फडनीस को शो में फ्रेड्रिक्स के नाम से जाना जाता है। उन्होंने सबसे फेमस शो ‘सीआईडी’ में काम किया, जो भारतीय टेलीविजन पर नंबर वन था। वह एक घरेलू नाम बन गए और दर्शकों का खूब ध्यान खींचा। उन्होंने 1998 से 2018 तक शो में काम किया और बाकी कलाकारों की तरह ही बच्चों के बीच काफी फेमस रहे। सिर्फ ‘सीआईडी’ ही नहीं, दिनेश ने एक और हिट सिटकॉम ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में भी कैमियो किया था। वह कुछ फिल्मों में भी कैमियो रोल में नजर आ चुके हैं।
