DSPMU के नवनियुक्त प्रभारी कुलपति से ACS प्रतिनिधिमंडल की शिष्टाचार भेंट

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU), रांची के नवनियुक्त प्रभारी कुलपति डॉ. डी. के. सिंह से  आदिवासी छात्र संघ (ACS) के अध्यक्ष विवेक तिर्की के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। यह मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें विश्वविद्यालय के शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं छात्रहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई।

इस अवसर पर कुलपति डॉ. डी. के. सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन और छात्र कल्याण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताएँ हैं। उन्होंने आदिवासी एवं वंचित वर्ग के विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए ठोस कदम उठाने का आश्वासन दिया तथा छात्र संगठनों की रचनात्मक भूमिका की सराहना की।

आदिवासी छात्र संघ की ओर से कुलपति महोदय का पारंपरिक आदिवासी अंगवस्त्र पहनाकर, पुस्तक एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय में छात्रावास, छात्रवृत्ति, पुस्तकालय, खेलकूद सुविधाओं, शैक्षणिक संसाधनों के सुदृढ़ीकरण एवं रोजगारपरक शिक्षा से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाया।

प्रतिनिधिमंडल में ACS की उपाध्यक्ष दीपा कच्छप, सचिव अमित टोप्पो, उपकोषाध्यक्ष पायल बांडो, सक्रिय सदस्य अजीत महतो, सीमा मुर्मू, सुलेखा कुमारी सहित अन्य छात्र-छात्राएँ शामिल थीं। सभी ने विश्वविद्यालय के विकास के लिए सहयोगात्मक वातावरण बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई।

अंत में अध्यक्ष विवेक तिर्की ने कुलपति डॉ. डी. के. सिंह को शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में DSPMU शिक्षा, शोध और छात्रहित के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को छुएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *