झारखंड विधानसभा का 23वां स्थापना दिवस समारोह आज, होंगे कई कार्यक्रम

रांची : झारखंड विधानसभा का 23वां स्थापना दिवस समारोह आज मनाया जाएगा। इस मौके पर विधानसभा के नए भवन को सजा दिया गया है। समारोह का उद्घाटन राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन करेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल होंगे। बता दें कि समारोह शहीद होने वाले जवानों और उत्कृष्ट खिलाड़ियों को समर्पित रहेगा। समारोह की शुरुआत स्पीकर रवींद्रनाथ महतो के स्वागत भाषण से होगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया है।

विधानसभा सही तरीके से संचालित होती है झारखंड विधानसभा के 23वें स्थापना दिवस के मौके पर स्पीकर रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि अब समय आ गया है कि झारखंड विकास के मामले में अपने साथ अस्तित्व में आए राज्यों से भी आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि विधानसभा गरिमामयी तरीके से ही संचालित होती है लेकिन कई बार विधायक आक्रामक होकर विधायी व्यवहार से इतर चले जाते हैं। हालांकि, कुल मिलाकर झारखंड विधानसभा सही तरीके से संचालित हो रही है। उन्होंने कहा कि मैं स्पीकर के रूप में दल-बदल के मामलों का समाधान करने को तत्पर हूं।

कार्यक्रम में सिंगर जावेद अली बांधेंगे समा बता दें कि इस वर्ष मनिका विधायक रामचंद्र सिंह सर्वश्रेष्ठ विधायक चुने गए हैं। कार्यक्रम में 6 उत्कृष्ट पदाधिकारी-कर्मचारी को स्वर्गीय कपिलेश्वर प्रसाद पुरस्कार दिया जाएगा। गुरुवार को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। बॉलीवुड के मशहूर पार्श्व-गायक जावेद अली का कार्यक्रम होगा। इसके इलावा हास्य कलाकार रविंद्र जॉनी और कुमार सत्यम की भी प्रस्तुति होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *