
रांची: झारखंड सरकार ने राज्य में गुटखा और पान मसाला की बिक्री पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के आदेश के बाद राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने इस संबंध में आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस फैसले के तहत राज्य में गुटखा और पान मसाला की बिक्री, भंडारण और वितरण पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सख्त कार्रवाई के निर्देश
स्वास्थ्य विभाग ने साफ कर दिया है कि अगर कोई दुकानदार या व्यापारी गुटखा-पान मसाला बेचते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। इसमें भारी जुर्माने से लेकर लाइसेंस रद्द करने तक के प्रावधान किए गए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री का बयान
मंत्री इरफान अंसारी ने कहा, “गुटखा और पान मसाला के सेवन से कैंसर जैसी घातक बीमारियां बढ़ रही हैं। सरकार जनता की सेहत को लेकर गंभीर है और इसीलिए यह कदम उठाया गया है। राज्य में प्रतिबंध का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।”
पहले भी लग चुका है प्रतिबंध
गौरतलब है कि इससे पहले भी झारखंड में गुटखा और पान मसाला पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया था, लेकिन समय-समय पर इसकी अवैध बिक्री जारी रही। इस बार सरकार ने इसे पूरी तरह लागू करने का फैसला किया है।
