JHARKHAND : थाने में घुसकर महिला दारोगा पर हमला , 3 गिरफ्तार

रांची : राजधानी रांची के बरियातू थाने में महिला दारोगा के साथ मारपीट की वारदात को अंजाम दिया गया है. मारपीट की घटना बरियातू थाना परिसर में ही हुई है, जिसके बाद इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

रांची की बरियातू पुलिस ने थाना में घुसकर महिला अफसर पर हमला करने, सरकारी काम में बाधा पहुंचाने और गाली-गलौज करने के मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. जेल जाने वालों में सुमित्रा पांडेय, ज्योति पांडेय और रवींद्र पांडेय शामिल हैं. तीनों लालपुर थाना क्षेत्र स्थित वर्दमान कंपाउंड के रहने वाले हैं. महिला पुलिस अफसर एएसआइ एस मुर्मू की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है.

क्या है मामला, जानकारी के अनुसार रेखा देवी अपने पुत्र और पुत्रियों के साथ शुक्रवार की दोपहर पारिवारिक विवाद की शिकायत करने के लिए बरियातू थाने पहुंची थी. उस वक्त थाने में ओडी अफसर के रूप में महिला एसआई एस मुर्मू मौजूद थीं. एसआई दोनों पक्ष के लोगों को समझा-बुझा रही थी, इसी क्रम में आरोपी रवींद्र उग्र हो गया और महिला एसआई के साथ उलझ गया, मामला इतना बिगड़ा की गाली-गलौज शुरू हो गई.

विरोध करने पर रवींद्र और उसकी दोनों बहनें ज्योति और सुमित्रा एसआई के साथ धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट करने लगी. इसी क्रम में महिला एसआई के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आयी हैं. हो-हल्ला सुनकर थाना में मौजूद अन्य पुलिसकर्मी पहुंच और तीन आरोपियों को पकड़ लिया. वहीं तीनों की मां रेखा देवी मौके से भाग निकली. मामले में एसआई के बयान पर तीनों के खिलाफ बरियातू थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *