हेमंत सोरेन ने बुलायी विधायक दल की बैठक, इन मुद्दों पर होगी चर्चा, सरगर्मियां बढ़ी, इधर भाजपा भी बनायेगी बैठक में रणनीति

रांची : विधानसभा के शीतकालीन सत्र को लेकर भाजपा और सत्ता पक्ष दोनों ने कमर कस ली है। सत्र को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधायक दल की बैठक कल बुलायी है, तो वहीं भाजपा आज ही रणनीति तैयार करेगी। झारखंड विधानसभा सत्र के पूर्व भाजपा प्रदेश कार्यालय में 14 दिसंबर को शाम सात बजे से विधायक दल की बैठक आयोजित है। झारखंड विधानसभा का सत्र 15 दिसंबर से आहूत किया गया है।सत्र के मद्देनजर बैठक काफी महत्वपूर्ण है, बैठक में सत्र की रणनीति के साथ-साथ ईडी की चल रही कार्रवाई को लेकर भी चर्चा की जायेगी।

इधर सत्तारूढ़ गठबंधन की भी बैठक शुक्रवार को होगी। खबर है कि सत्र के मद्देनजर विधायक को दिशा निर्देश जारी किया जा सकता है। झारखंड विधानसभा का शीतकालीन सत्र शुक्रवार से आरंभ होगा। सत्र 21 दिसंबर तक चलेगा। संभावना जताई जा रही है कि सरकार सत्र के दौरान स्थानीयता के निर्धारण के लिए 1932 के खतियान की बाध्यता संबंधी संशोधित विधेयक पेश कर सकती है। राज्यपाल ने इसे पुनर्विचार के लिए सरकार को वापस किया था। जानकारी के मुताबिक सत्तारूढ़ गठबंधन के विधायकों की अहम बैठक आज शाम चार बजे आरंभ होगी। इसमें झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस, राजद समेत सरकार को समर्थन दे रहे अन्य विधायक शामिल होंगे।

बैठक बुलाने की वजह विधानसभा का शीतकालीन सत्र बताया जा रहा है, लेकिन इसी बहाने विधायकों को एकजुट रखने की रणनीति पर भी चर्चा होगी। इसकी वजह राजभवन का रुख है। सत्तारूढ़ दल के विधायकों को एकजुट रखने को लेकर अभी सतर्कता बरती जा रही है। निर्देश दिया गया है कि अनिवार्य तौर पर सभी विधायक मुख्यमंत्री आवास में प्रस्तावित बैठक में उपस्थित रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *