रांची जेल से कैदी फरार, छह कक्षपाल निलंबित

झारखंड की राजधानी रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार से हत्या के आरोप में आजीवन कारावास की सजा काट रहा कैदी समीर तिर्की उर्फ शाकिर तिर्की फरार हो गया। यह घटना गुरुवार (27 फरवरी) की शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है, लेकिन जेल प्रशासन को इसकी जानकारी अगले दिन सुबह कैदियों की गिनती के दौरान हुई।

छह कक्षपाल निलंबित

कैदी के फरार होने के मामले में जेल प्रशासन की गंभीर लापरवाही सामने आई है। इसको लेकर जेल आईजी सुदर्शन मंडल ने सख्त कदम उठाते हुए छह कक्षपालों को निलंबित कर दिया है। निलंबित किए गए कक्षपालों के नाम बीचा मुंडा, सतन नायक, सोमन लोहार, राकेश कुमार सिंह, रामजीत महतो और गोपालजी सिंह हैं। यह कार्रवाई जेल एआईजी तुषार गुप्ता की रिपोर्ट के आधार पर की गई है।

उग्रवादी संगठन से जुड़े होने की आशंका

समीर तिर्की के बारे में बताया जाता है कि उसका संबंध उग्रवादी संगठन से है। गुमला पुलिस ने वर्ष 2018 में उसे गिरफ्तार किया था और हत्या के आरोप में अदालत ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी।

पुलिस की टीमें अलर्ट पर

कैदी के फरार होने के बाद से ही झारखंड पुलिस और जेल प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस की कई टीमें समीर तिर्की की तलाश में जुटी हैं, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस गुमला और आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चला रही है

जेल प्रशासन पर सवाल

इस घटना के बाद बिरसा मुंडा जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। जेल प्रशासन की लापरवाही और सुरक्षा चूक के कारण ही यह घटना घटी है। सवाल यह भी उठ रहा है कि कैदी आखिर इतनी कड़ी सुरक्षा के बावजूद जेल से भागने में कैसे सफल हो गया?

इस मामले को लेकर झारखंड सरकार और जेल विभाग ने सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं। उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई होगी। वहीं, पुलिस जल्द से जल्द फरार कैदी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर रही है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *