झारखंड की महिलाओं को होली की सौगात, मंईयां योजना के तहत खाते में आएंगे 5000 रुपये

रांची: झारखंड सरकार ने राज्य की महिलाओं को होली से पहले बड़ा तोहफा देने की घोषणा की है। मंईयां सम्मान योजना के तहत लगभग 60 लाख महिलाओं के खाते में 5000 रुपये की राशि भेजी जाएगी। इस योजना के तहत जनवरी और फरवरी महीने की रकम एक साथ दी जाएगी, जिससे महिलाओं की होली और भी खास हो जाएगी।

होली से पहले खाते में पहुंचेगा पैसा

झारखंड विधानसभा में कल्याण मंत्री चमरा लिंडा ने जानकारी दी कि राज्य सरकार 15 मार्च तक महिलाओं के बैंक खातों में यह राशि हस्तांतरित कर देगी। हालांकि, इस पर विपक्षी भाजपा विधायक सीपी सिंह ने सवाल उठाया कि अगर यह राशि 14-15 मार्च को होली से पहले मिल जाती, तो महिलाएं त्योहार की बेहतर तैयारी कर सकती थीं। इस पर मंत्री ने भरोसा दिलाया कि होली से पहले ही पैसा खातों में आ जाएगा।

विधवा और दिव्यांग महिलाओं को भी मिलेगा लाभ?

सदन में विधवा और दिव्यांग महिलाओं को भी इस योजना में शामिल करने की मांग उठी। विधायक सीपी सिंह ने सरकार से अनुरोध किया कि 18 से 50 वर्ष की विधवा और दिव्यांग महिलाओं को भी मंईयां सम्मान योजना के तहत 2500 रुपये मिले। उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड सरकार विधवाओं को पहले से 1000 रुपये मासिक पेंशन देती है, लेकिन दिव्यांगों को पेंशन नहीं मिल रही है।

मंत्री चमरा लिंडा ने कहा कि झारखंड सरकार विधवा महिलाओं को पुनर्विवाह के लिए 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देती है। उन्होंने केंद्र सरकार से भी इस योजना में 2 लाख रुपये देने की अपील की, ताकि विधवा महिलाओं को अधिक लाभ मिल सके। इस पर विधायक सीपी सिंह ने पलटवार करते हुए कहा कि क्या मंईयां सम्मान योजना केंद्र सरकार से पूछकर लागू की गई थी?

होली से पहले आर्थिक संबल से खुश होंगी महिलाएं

सरकार के इस फैसले से झारखंड की महिलाओं में खुशी की लहर है। त्योहार से पहले इस राशि के मिलने से परिवारों में पुआ, धुसका और गुजिया जैसे पारंपरिक पकवानों की खुशबू और भी महक उठेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *