जामताड़ा : जिले में एक होमगार्ड जवान की मौत ट्रेन की चपेट आने से हो गई | घटना जामताड़ा रेलवे साइडिंग की है. वो कोयला चोरी रोकने के लिए ड्यूटी पर तैनात था | घटना के बाद से परिजनों में मातम है. हादसा रविवार अहले सुबह हुआ | रविवार सुबह जामताड़ा सदर थाना की पुलिस ने जामताड़ा – चित्तरंजन रेलखंड पर साइडिंग के समीप डाउन रेलवे ट्रैक पर होमगार्ड जवान का शव बरामद किया. मृतक होमगार्ड जवान की पहचान बिंदापाथर थाना क्षेत्र अंतगर्त खुटाबांध निवासी उदित सिंह ( 50 वर्षीय ) के रूप में हुई है | इस घटना से रेलवे साइडिंग में मातम का माहौल है |

घटना को लेकर बताया जाता है कि होमगार्ड जवान उदित सिंह बीते एक महीने से नाइट ड्यूटी कर रहे थे | रेलवे साईडिंग से रेलवे रैक में ट्रेन लोड हो जाने के बाद जिसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी आरपीएफ की होती है, उसके लिए होमगार्ड के जवान को ड्यूटी पर लगाया गया था | बताया जाता है कि इसी दौरान कोयला चोरी करने पहुंचे सैकड़ों की संख्या में कोयला चोर को रोकने के लिए जवान ने उन्हें खदेड़ा | इसी बीच ट्रेन के चपेट में आने से उनकी मौत हो गई |उदित सिंह के परिजनों ने मुआवजा व आश्रित को नौकरी देने की मांग को लेकर जामताड़ा रेलवे साइडिंग के मुख्य गेट को जाम कर दिया | साथ ही ईसीएल चितरा से जामताड़ा रेलवे साइडिंग तक कोयला ढुलाई करने वाले डंपरों को अनलोडिंग करने से रोक दिया गया | जिससे करीब डेढ़ घंटे तक साइडिंग का काम ठप रहा | वहीं सूचना मिलते ही एसडीपीओ आनंद ज्योति मिंज, ईसीएल सिक्योरिटी इंचार्ज रुपेश मिश्रा, होमगार्ड कमांडर मृत्युंजय मिश्रा, जामताड़ा थाना के एएसआई श्रीकांत यादव सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल पहुंच गये हैं |
