हाल ही में FSSAI ने बताया कि राजस्थान में 18,000 लीटर नकली खाने के तेल बरामद किया गया है। अजमेर के मेडिकल और हेल्थ विभाग ने मशहूर ब्रांड्स के नकली लेबल वाले इस तेल को जब्त किया है। नकली रिफाइंड तेल को फेमस ब्रांड्स के डुप्लीकेट लेबल लगाकर और मिलावट करके तैयार किया जा रहा था। विभाग की टीम ने यहां से सैंपल भी लिए हैं। बाद में गोदाम को सीज कर दिया गया है।

पार्वती ऑयल मिल्स, श्री राम ऑयल एंड पेट्रोकेमिकल्स और श्री पार्वती एडिबल इंडस्ट्रीज पर्वतपुरा इंडस्ट्रियल एरिया अजमेर के गोदाम पर खाद्य सुरक्षा जयपुर राजस्थान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने छापा मारा।
यहां पर कई मशहूर ब्रांडों के डुप्लीकेट और अलग-अलग लेवल लगाकर मिस ब्रांड मिलावट के साथ तैयार किए जा रहे थे।
नकली खाने के तेल का सेवन सेहत के लिए काफी नुकसानदायक हो सकता है। इन तेलों में अक्सर ट्रांस फैट जैसी हानिकारक चीजें पाई जाती हैं। ट्रांस फैट से दिल की बीमारी, मोटापा और टाइप 2 डायबिटीज का खतरा बढ़ जाता है। वहीं मिलावटी तेलों में जहरीले पदार्थ भी हो सकते हैं, जैसे भारी धातु, पेस्टीसाइड के अवशेष या औद्योगिक रसायन। इनसे लीवर और किडनी को नुकसान, दिमाग संबंधी परेशानियां और इम्यून सिस्टम कमजोर हो सकता है। इसके साथ ही पेट में कैंसर का खतरा बढ़ सकता है।

ऐसे करें असली और नकली तेल की पहचान
1 – अगर आप कुकिंग में ऑलिव ऑयल का इस्तेमाल करते हैं और इसमें मिलावट की जांच करना चाहते हैं, तो एक गिलास में तेल डालें उसे अपने हाथ से ढक लें। दूसरे हाथ से बाहर से गिलास को रगड़े। जब वह हल्का सा गर्म हो जाए तो अपना हाथ गिलास के ऊपर से हटा लें और इसे सूंघकर देखें, अगर इसमें से गंध आ रही है तो मतलब यह नकली ऑलिव ऑयल है।

2 – कुकिंग में अगर आप सरसों के तेल का इस्तेमाल करते हैं, तो इसकी शुद्धता जांचने के लिए एक कढ़ाई में सरसों का तेल डालें। इसमें से जब तक तेज धुआं नहीं निकलता इसे गर्म करें। अगर धुआं निकलने के बाद भी इसमें से गंध आ रही है और ये काला पड़ रहा है, तो इसका मतलब कि यह नकली सरसों का तेल है।
3 – रंग देखकर भी आप असली और नकली तेल की पहचान कर सकते हैं। मूंगफली का तेल थोड़ा गाढ़ा होता है। डार्क ब्राउन कलर का होता है। वहीं, सनफ्लावर तेल लाइट होता है और यह हल्के रंग का होता है। लिहाजा हमेशा रंग को देखकर ही तेल खरीदें।
4 – तेल की शुद्धता जांचने के लिए आप एक साफ कंटेनर में थोड़ी सी मात्रा में तेल लें। इसे फ्रीजर में फ्रीज कर दें। अगर तेल शुद्ध होगा तो यह जम जाएगा। अगर तेल मिलावटी होगा तो यह तरल की तरह तैरता रहेगा
