धनबाद । जिले के मंडल कारा में गैंगस्टर अमन सिंह पर जानलेवा हमला हुआ है. इस हमले में अमन सिंह की मौत की खबर आ रही है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, अमन सिंह के सिर में तीन गोली मारी गई है. जिससे मौके पर ही अमन सिंह की मौत हो गई है. हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.अमन सिंह नीरज हत्याकांड के मुख्य आरोपियों में से एक है. जानकारी के अनुसार शूटर अमन सिंह को जेल के अंदर तीन गोली मारी गई है.

घटना के बाद धनबाद मंडल कारा में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. पूरे मंडल कारा में इमर्जेंसी बेल बजने लगी, सूचना मिलते ही डीसी वरुण रंजन और एसएसपी संजीव कुमार मंडल कारा पहुंचे हैं. उनके साथ एसडीएम उदय रजक, सीटी एसपी, डीएसपी समेत दर्जनों अधिकारी पहुंचे हुए हैं. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है. पूरे जेल को पुलिस छावनी बना दिया गया है. सैकड़ों पुलिस जवानों को जेल में तैनात किया गया है

धनबाद पुलिस अमन सिंह के खिलाफ लगाए गए आरोपी को अदालत में प्रमाणित करने में फिर सफल नहीं हो सकी थी. जिस वजह से कोर्ट ने उसे रिहा कर दिया. बता दें कि इससे पूर्व भी पुलिस कई मामलों में अमन सिंह के खिलाफ कोई ठोस सबूत अदालत में प्रस्तुत नहीं कर सकी, जिससे अमन सिंह कई मामलों में बाइज्जत रिहा हो गया.
