
आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में जब टीम इंडिया, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्ल्ड कप-2023 का फाइनल मुकाबला खेलने उतरेगी तो उसका इरादा 2003 वर्ल्ड कप फाइनल की हार का बदला चुकता करने का होगा । घरेलु कंडीशंस में खेल रही टीम इंडिया के मौजूदा फॉर्म को देखते हुए फाइनल मुकाबले में इसे ही फेवरेट बताया जा रहा है। अब तक 6 विशेषज्ञ बल्लेबाजों और 5 गेंदबाजों के साथ खेलती आई टीम इंडिया फाइनल मुकाबले में उसी टीम संयोजन के साथ उतरेगी या बदलाव होगा फिलहाल इसका पता नहीं चल सका है। दरअसल, फाइनल मैच की पूर्व संध्या पर आयोजित प्रेस वार्ता में कप्तान रोहित शर्मा ने स्पष्ट किया कि अभी प्लेइंग 11 तय नहीं है।
चौथी बार वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची टीम इंडिया बता दें कि यह चौथी बार है जबकि टीम इंडिया ने वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बनाई है। उनमें से 2 बार टीम इंडिया को जीत मिली जबकि भारत ने सौरव गांगुली की कप्तानी में 2003 में 1 मुकाबला गंवाया है। 2003 वर्ल्ड कप के फाइनल में टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया के हाथों ही हार का सामना करना पड़ा था।
टूर्नामेंट में अजेय रहते हुए फाइनल में पहुंची है टीम गौरतलब है कि भारतीय टीम ने इस वर्ल्ड कप में सेमीफाइनल मिलाकर लगातार 10 मुकाबले जीते हैं। टीम इंडिया पूरे टूर्नामेंट में अपराजेय रहते हुए फाइनल तक पहुंची है। इस दौरान भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहला और न्यूजीलैंड के खिलाफ लीग मुकाबले को छोड़ तकरीबन सभी मुकाबले एकतरफा अंदाज में जीते हैं।
