
लोअर बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत सदर अस्पताल से अज्ञात महिला द्वारा तीन दिन के नवजात शिशु के अपहरण का मामला सामने आया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान दल का गठन किया गया, जिसने तेजी से कार्रवाई करते हुए शिशु को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस ने शहरभर में लगे सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच की, जिससे संदिग्ध महिला की पहचान संभव हो सकी। जांच में सामने आया कि अज्ञात महिला और एक पुरुष ने शिशु की मौसी को बहला-फुसलाकर पूजा-पाठ में उलझाया और फिर शिशु को अपहरण कर सुरक्षित स्थान पर छिपा दिया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी महिला निःसंतान थी और उसने अपने आसपास के लोगों से झूठ बोल रखा था कि वह गर्भवती है। संतान प्राप्त करने की लालसा में वह अस्पतालों के आसपास शिशु के अपहरण के प्रयास में लगी थी। घटना के दिन अवसर पाकर उसने सदर अस्पताल से नवजात को चुरा लिया।
