टीटीई की गुंडागर्दी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर छा गया है। यह क्लिप गुरुवार, 18 जनवरी का बताया जा रहा है। साथ ही इसे साझा करते हुए दावा किया गया कि घटना बरौनी-लखनऊ एक्सप्रेस (15203) की है। वायरल वीडियो में एक टीटीई बेरहमी से एक लड़के की पिटाई करता नजर आ रहा है। इस वीडियो को देखने के बाद तमाम लोगों का खून खौल गया है। लोग पूछ रहे हैं कि आखिर इस टीटीई को मारने का अधिकार किसने दिया। जबकि अन्य लोग इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं। बता दें कि मामला वायरल होने के बाद पैसेंजर से मारपीट करने वाले टीटीई को रेलवे ने सस्पेंड कर दिया है और उसके खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है।
यह वीडियो 28 सेकंड का है। इसमें हम देख सकते हैं कि यात्रीगण अपनी-अपनी सीट पर बैठे हैं। एक लड़का हाथ जोड़े है। टीटीई उसे थप्पड़ों की बरसात कर रहा है। लड़का पूछता है- मेरी गलती क्या? लेकिन टीटीई जवाब देने के बजाय उसे और थप्पड़ मारता है। पास ही, ऊपर की बर्थ पर बैठा शख्स टीटीई गुंडागर्दी कैमरे में कैद कर रहा होता है। जैसे ही टीटीई यह देखता है तो मोबाइल छीनने की कोशिश करता है। अन्य लोग बोलते हैं कि छोड़ दीजिए लड़के को। पर टीटीई किसी की नहीं सुनता और अंत में वीडियो बना रहे व्यक्ति का मोबाइल छीन लेता है
अब इस वीडियो को सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर धड़ल्ले से शेयर किया जा रहा है। खबर लिखे जाने तक इस पोस्ट को 3 लाख 95 हजार व्यूज और साढ़े छह हजार से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं। साथ ही, तमाम यूजर्स टीटीई के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। एक शख्स ने लिखा – टीटी का काम टिकट चेक करना है। मारने का अधिकार किसने दिया? दूसरे ने लिखा- यात्रियों को धर के कुटाई करने चाहिए थी। अन्य ने कहा कि सबसे पहले इस टीटी को नौकरी से निकाला जाए। वैसे इस पूरे मामले पर आपका क्या कहना है? कमेंट में लिखें।
ये वाकया उत्तर प्रदेश के बरौनी से लखनऊ आ रही ट्रेन बरौनी-लखनऊ जंक्शन एक्सप्रेस (15203) का है। चलती ट्रेन में प्रकाश नाम के टीटीई ने एक यात्री को बेरहमी से पीटता रहा, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। बताया जा रहा है कि गोरखपुर से लखनऊ के बीच टीटी यात्रियों की चेकिंग कर रहा था। टीटी का वीडियो जब वायरल हुआ तो प्रशासन ने गुंडागर्दी करने वाले इस टीटी को निलंबित कर दिया। ये बताया गया है कि सोशल मीडिया पर बरौनी-लखनऊ एक्सप्रेस में टीटीई द्वारा एक यात्री को थप्पड़ मारने के मामले में टीटीई को सक्षम प्राधिकारी द्वारा निलंबित कर दिया गया है और संबंधित भारतीय रेलवे के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है। अब इस मामले ने सियासी मोड़ ले लिया है।
राज्यसभा सांसद और दिल्ली महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने सरकार पर कटाक्ष करते हुए कई सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने एक्स पर किए पोस्ट में लिखा कि ‘हम कितना ही वंदे भारत का जश्न मना लें, भारत की रेलवे तब सुधरेगी जब देश का गरीब आदमी आरामदायक और इज्जत से यात्रा कर पाएगा। ये वीडियो देख खून खौलता है। माननीय मंत्री अश्विनी वैष्णव जी कृपया मामले का संज्ञान लें और इस TC पर सख्त कार्यवाही करें। ट्रेन नंबर – 15203’
घटना को लेकर लोगों में भारी आक्रोश
भारतीय रेलवे की इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। टीटी सरेआम बेखौफ होकर एक यात्री को इतनी बेरहमी से पीट रहा है, थप्पड़ पर थप्पड़ जड़ रहा है। इतना ही नहीं जब ट्रेन में बैठे दूसरे यात्री ने जब वीडियो बनाया तो उसके हाथ से फोन छुड़ाने की भी कोशिश की। टीटी ने उसके साथ भी हाथापाई की, ऐसी गुंडागर्दी देख किसी का भी खून खौल सकता है।
